एनएचएआई का ‘आरोग्य वन’ अभियान हाईवे किनारे लगेंगे 67 हजार से अधिक औषधीय पेड़

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे खाली पड़ी जमीनों पर ‘आरोग्य वन’ विकसित करने की महत्वाकांक्षी पहल शुरू की है।
इस योजना का उद्देश्य औषधीय वृक्षों के रोपण के माध्यम से जैव विविधता को बढ़ावा देना और पारिस्थितिक स्थिरता को मजबूत करना है।
पहले चरण में 11 राज्यों के 17 स्थानों पर 62.8 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब 67,462 औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इनमें नीम, आंवला, जामुन, इमली, नींबू, गूलर और मौलसरी जैसी लगभग 36 प्रजातियां शामिल हैं, जिन्हें स्थानीय जलवायु के अनुसार लगाया जाएगा।एनएचएआई द्वारा टोल प्लाजा, इंटरचेंज, क्लोवरलीफ जंक्शन और अन्य प्रमुख हाईवे स्थानों के पास वृक्षारोपण को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि लोगों में पर्यावरण और औषधीय पौधों के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
इसके अलावा आगामी मानसून में वृक्षारोपण के लिए लगभग 188 हेक्टेयर भूमि की पहचान की गई है, जिससे पौधों के जीवित रहने की दर बेहतर हो सके।
यह पहल आयुर्वेद को बढ़ावा देने, पारंपरिक औषधीय ज्ञान के संरक्षण और हरित गलियारों के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































