दिल्ली सरकार ने शुरू किया ‘मां यमुना स्वच्छता अभियान’,स्कूलों में होगा जागरूकता कार्यक्रम

यमुना नदी की स्वच्छता को लेकर दिल्ली सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। दिल्ली सरकार के मंत्री श्री प्रवेश वर्मा ने शिक्षा मंत्री श्री आशीष सूद को पत्र लिखकर ‘मां यमुना स्वच्छता अभियान’ को दिल्ली के सभी स्कूलों में शुरू करने का आग्रह किया है। इस अभियान का उद्देश्य स्कूली छात्रों को स्वच्छ पर्यावरण के महत्व के प्रति जागरूक और प्रेरित करना है। श्री वर्मा ने अपने पत्र में कहा कि शिक्षा विभाग के सहयोग से इस अभियान को स्कूलों में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। अभियान के तहत स्कूलों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें स्वच्छ यमुना के महत्व पर निबंध लेखन, ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिताएं, जल प्रदूषण और जल संरक्षण पर वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, तथा स्कूलों के वार्षिक समारोहों में जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। यह अभियान न केवल यमुना नदी की स्वच्छता को बढ़ावा देगा, बल्कि युवा पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करेगा। दिल्ली सरकार इस अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग को स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्रेरित करने हेतु प्रतिबद्ध है।