हास्य – तनावमुक्त जीवन की कुंजी

जनवरी सन् 1998 में डॉ. मदन कटारिया द्वारा मुंबई में विश्व हास्य दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी।
हास्य एक योग की तरह व्यक्ति को ऊर्जावान बनाने के साथ-साथ समाज में शांति, भाईचारा और सद्भावना बढ़ाने के उद्देश्य से पूरे विश्व में खुशहाली फैलाने के लिए हर वर्ष मई के पहले रविवार को यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष विश्व हास्य दिवस 3 मई, 2026 को मनाया जाएगा।
डॉ. मदन कटारिया अपने एक अनुभव में बताते हैं कि हास्य एक प्रभावशाली दवा है। वास्तव में हास्य और स्वास्थ्य से जुड़ी एक बात बताऊं—आंध्र प्रदेश में विश्वमोहन नाम के एक व्यक्ति थे। हास्य योग से जुड़ने से पहले उन्हें लगभग हर प्रकार की बीमारी थी और वे हंसने वाले लोगों से बहुत चिढ़ते थे। एक बार मेरे लाफ्टर क्लब के एक सदस्य ने उन्हें हमारे क्लब में बुलाया। शुरुआत में वे अनमने भाव से आते थे, लेकिन क्लब में आने के बाद जो बदलाव पिछले 20 वर्षों में नहीं आया था, वह मात्र छह महीनों में दिखाई देने लगा। उनकी सेहत में लगातार सुधार होने लगा। वे रोज कई दवाइयाँ लेते थे, लेकिन छह महीने के भीतर उनकी दवाइयों की संख्या कम होती गई।
हंसना उपचार का सबसे सुखद रूप है। इसमें न केवल आपके आत्मा को, बल्कि आपके शरीर को भी स्वस्थ करने की शक्ति होती है। यह पूरे शरीर को आराम देता है, शारीरिक तनाव को दूर करता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। यह दर्द, तनाव और संघर्ष के लिए मरहम का काम करता है। आपने शायद यह वाक्य सुना होगा—‘हास्य सबसे अच्छी दवा है।’ जब भी मौका मिले, हंसिए; जब लोग आपको मज़ाकिया नजरों से देखें तब भी हंसना बंद मत कीजिए।
हास्य एक वैश्विक भाषा है। यह आशा को प्रेरित करता है, आपको दूसरों से जोड़ता है, क्रोध को कम करने और जल्दी माफ करने में मदद करता है। एक साधारण मुस्कान या छोटी-सी हंसी भी आसपास के वातावरण और माहौल को पूरी तरह बदल सकती है। हास्य में नवीनीकरण और ताजगी लाने की शक्ति होती है। एक अनुमान के अनुसार, दिन में 15 मिनट हंसने से 92% बीमारियों से राहत मिल सकती है। वास्तव में हास्य और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
जो व्यक्ति जीवन में हास्य का महत्व समझकर उसे योग और प्राणायाम की तरह अपने जीवन में अपनाता है, वह अनेक बीमारियों से बच सकता है। वर्तमान समय में, खासकर कोरोना के कारण फैली नकारात्मकता और डर को दूर करने में यह थेरेपी मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो सकती है।







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































