80 हिप्पो को मौत से बचाने के लिए अंबानी का ‘अनंत’ प्रयास

कोलंबिया के मैग्डालेना नदी बेसिन क्षेत्र में रहने वाले 80 हिप्पोपोटामस को मारने की अनुमति दी गई है। ऐसे में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर और वनतारा के संस्थापक अनंत मुकेश अंबानी ने कोलंबिया सरकार से इस निर्णय पर रोक लगाने और मानवीय विकल्प पर विचार करने की अपील की है।
अनंत अंबानी ने कोलंबिया की पर्यावरण मंत्री आइरीन वेलैज़ टोरेस को लिखे पत्र में इन 80 हिप्पोपोटामस को सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से स्थानांतरित कर गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा में स्थायी आश्रय देने का प्रस्ताव रखा है।
इस प्रस्ताव में वैज्ञानिक मार्गदर्शन, संचालन संबंधी सहायता और पूरी वित्तीय जिम्मेदारी उठाने की भी उन्होंने पेशकश की है। अनंत अंबानी ने कहा कि इन 80 हिप्पोपोटामस ने अपना जन्मस्थान खुद नहीं चुना है और वर्तमान स्थिति के लिए वे जिम्मेदार नहीं हैं। वे जीवित और संवेदनशील प्राणी हैं, और उन्हें बचाने के लिए मानवीय और सुरक्षित रास्ता खोजना हमारी जिम्मेदारी है।
वनतारा ने कोलंबिया सरकार को एक विस्तृत प्रस्ताव दिया है, जिसमें पशु चिकित्सा नेतृत्व, हिप्पोपोटामस को पकड़ने और लाने के लिए विशेषज्ञ टीम, बायो-सिक्योरिटी प्रोटोकॉल और गुजरात में उनके प्राकृतिक आवास जैसा विशेष वातावरण तैयार करने की व्यवस्था शामिल है। साथ ही, इन सभी 80 जानवरों की आजीवन देखभाल की गारंटी भी दी गई है।
अंबानी ने आगे कहा कि करुणा और सार्वजनिक सुरक्षा एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। सही विज्ञान और योजना के माध्यम से नदी किनारे रहने वाले समुदायों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जानवरों का जीवन बचाना संभव है।
वनतारा ने कोलंबिया सरकार से अनुरोध किया है कि हिप्पोपोटामस को मारने के फैसले को कुछ समय के लिए स्थगित किया जाए ताकि इस विकल्प पर विचार किया जा सके। वनतारा ने कोलंबिया के अधिकारियों के साथ सीधे संवाद करने की भी इच्छा जताई है।
यह प्रस्ताव वनतारा की “हर जीवन महत्वपूर्ण है” की सोच को दर्शाता है और साथ ही वैश्विक वन्यजीव संरक्षण में भारत की बढ़ती भूमिका को भी स्पष्ट करता है। इस योजना को लागू करने से पहले कोलंबिया और भारत सरकार तथा अंतरराष्ट्रीय प्राधिकरणों की आवश्यक मंजूरी ली जाएगी।





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































