रांची में आयोजित “गौ सेवा सम्मेलन” में लेंगे, डॉ. वल्लभभाई कथीरियागौ सेवा और गौ संवर्धन के नए आयामों पर देंगे वक्तव्य

रांची (झारखंड) में दिनांक 19 एवं 20 जून 2025 को आयोजित होने वाले “राष्ट्रीय सम्मेलन – पर्यावरणीय संतुलन एवं शहरीकरण के परिप्रेक्ष्य में गौ सेवा के क्षेत्र में चुनौतियाँ और संभावनाएँ” कार्यक्रम में देशभर से गौ सेवा से जुड़े विद्वानों, विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों, वैज्ञानिकों तथा नीति निर्माताओं की भागीदारी होगी। यह दो दिवसीय सम्मेलन झारखंड गौ सेवा आयोग द्वारा कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बदलते पर्यावरणीय परिप्रेक्ष्य, शहरीकरण की चुनौतियों तथा पारंपरिक गौ आधारित व्यवस्थाओं में हो रहे परिवर्तनों के बीच गौ सेवा और गौ आधारित उद्योगों की संभावनाओं पर चर्चा करना है। सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में विशेषज्ञों द्वारा बायोगैस एवं बायो-सीएनजी उत्पादन, पंचगव्य चिकित्सा, जैविक खेती में गौ आधारित उत्पादों का महत्व, ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गोपालन की भूमिका, गौवंशीय ऊर्जा उत्पादन, जल संरक्षण, गोबर प्रबंधन तथा शहरी गौ सेवा के नए मॉडल पर विस्तृत मंथन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री तथा अन्य वरिष्ठ अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। देशभर के प्रमुख गौशाला संचालक, शोधकर्ता, गौ विज्ञान विशेषज्ञ, एनजीओ प्रतिनिधि, प्रशासक और नीति निर्माता अपने विचार साझा करेंगे। गौरव की बात है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन में गुजरात से भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय कामधेनु आयोग के पूर्व चेयरमैन एवं जीसीसीआई के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. वल्लभभाई कथीरिया विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। डॉ. कथीरिया अपने व्याख्यान में गौ सेवा के वैज्ञानिक, पर्यावरणीय और आर्थिक पक्षों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। उनके अनुभव से विशेष रूप से पंचगव्य चिकित्सा, गौ आधारित स्टार्टअप्स, जैविक कृषि में गौवंश की भूमिका और सतत विकास में गौ आधारित मॉडल को नई दिशा मिलेगी। डॉ. वल्लभभाई कथीरिया ने सम्मेलन में भाग लेने के लिए झारखंड गौ सेवा आयोग का आभार व्यक्त किया है एवं कहा है कि ऐसे आयोजन गौ सेवा और गौ संवर्द्धन को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वे शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रांची जाएंगे।